राशन पर्ची नहीं बनने की शिकायत पर विवाद, बस स्टैंड पर मजदूर से मारपीट का आरोप
संवाददाता: संदीप सिंह घोष
बक्सवाहा। जनपद बक्सवाहा की ग्राम पंचायत किशनपुरा में राशन पर्ची नहीं बनने को लेकर चल रहे विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब एक मजदूर के साथ बस स्टैंड पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम किशनपुरा निवासी भालू कुशवाहा पिछले करीब तीन महीने से राशन पर्ची नहीं बनने की शिकायत कर रहे थे। इसी मामले को लेकर उनका ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक/सचिव दिनेश दुबे से विवाद चलने की बात सामने आई है।
पीड़ित भालू कुशवाहा के मुताबिक, वह दिल्ली जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े थे, तभी सचिव दिनेश दुबे वहां पहुंचे। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट की घटना हुई।
घटना के बाद पीड़ित ने बक्सवाहा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की परिस्थितियों तथा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, ग्रामीणों ने तीन महीने से लंबित राशन पर्ची के मामले का जल्द निराकरण कर पात्र हितग्राही को राशन पर्ची उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की घटना और लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


H na jkannn