Type Here to Get Search Results !

बकस्वाहा के बेटे का मुंबई में जलवा, बड़े पर्दे पर चमक रहा आयुष का हुनर

 बकस्वाहा के बेटे का मुंबई में जलवा, बड़े पर्दे पर चमक रहा आयुष का हुनर



VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन के क्षेत्र में बनाई अलग पहचान, युवाओं को दे रहे रोजगार के अवसर


बकस्वाहा। छोटे से कस्बे से निकलकर मुंबई की मायानगरी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले आयुष जैन आज बकस्वाहा सहित पूरे बुंदेलखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। आयुष जैन अपनी मेहनत, के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है।



आयुष ने विजुअल इफेक्ट्स (VFX), निर्देशन और पोस्ट-प्रोडक्शन के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट्स में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। करीब दो से तीन वर्ष पूर्व उन्होंने मुंबई में अपनी कंपनी क्रोमा क्रिएशन्स (Chroma Creations) की स्थापना की थी। छोटे स्तर से शुरू हुई यह कंपनी अपनी गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक के दम पर कम समय में फिल्म और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में पहचान बनाने में सफल रही है।


आज क्रोमा क्रिएशन्स फिल्मों, वेब सीरीज, विज्ञापनों, म्यूजिक वीडियो और डिजिटल कंटेंट से जुड़े पोस्ट-प्रोडक्शन के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान दे रही है। आयुष की तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच ने उन्हें इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने में मदद की है।


युवाओं को मिल रहा रोजगार


आयुष की सफलता की खास बात यह भी है कि उनका स्टार्टअप केवल तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। उनकी कंपनी में 18 वर्ष से अधिक आयु के कई युवा कार्य कर रहे हैं, जो फिल्म और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपने हुनर को विकसित कर रहे हैं।


बकस्वाहा जैसे छोटे कस्बे से निकलकर मुंबई की प्रतिस्पर्धी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना निश्चित रूप से पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। आयुष जैन की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और सपनों को पूरा करने का जुनून हो, तो छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।


आज आयुष जैन न केवल बकस्वाहा, बल्कि बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश के उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहरों की ओर कदम बढ़ाना चाहते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.