शासकीय नवीन महाविद्यालय में वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत, विद्यार्थी परिषद ने सौंपा ज्ञापन
--
जनभागीदारी समिति से लाखों रुपये खर्च करने में भ्रष्टाचार का आरोप, RTI से मिली जानकारी के आधार पर उच्चस्तरीय जांच की मांग
---
तहसीलदार को राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करते नजर आए परिषद कार्यकर्ता
---
बकस्वाहा। शासकीय नवीन महाविद्यालय बकस्वाहा में वित्तीय अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर मंगलवार को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे और तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के माध्यम से लाखों रुपये की राशि खर्च की गई, जिसमें वित्तीय अनियमितताएं की गई हैं। कार्यकर्ताओं का दावा है कि RTI के माध्यम से प्राप्त जानकारी में कई वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े तथ्य सामने आए हैं।
विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता राहुल प्रजापति ने आरोप लगाते हुए कहा कि महाविद्यालय में वित्तीय अनियमितता कर भारी भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है। उनका आरोप है कि कुछ कार्यों के भुगतान के लिए महाविद्यालय के कर्मचारियों के खातों में राशि डाली गई और कर्मचारियों के माध्यम से भुगतान कराया गया, जबकि नियमानुसार संबंधित कार्य या सामग्री के विक्रेता को सीधे भुगतान किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती थी।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि महाविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वेतन का भुगतान जनभागीदारी समिति से कर दिया गया जबकि ऐसा किया जाना उचित नहीं था,प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ज्ञापन में आरोपों की जांच कर वित्तीय अनियमितताओं में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों पर महाविद्यालय प्रबंधन या प्राचार्य का पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



H na jkannn