शासकीय उचित मूल्य की दुकान सुनवाहा में राशन वितरण में भारी अनियमितता का आरोप !
तीन-तीन माह का अंगूठा लगवाने के बाद उपभोक्ताओं को दिया जा रहा सिर्फ एक माह का राशन, सेल्समैन पर गंभीर आरोप
बकस्वाहा। बकस्वाहा ब्लॉक के अंतर्गत सुनवाहा स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर राशन वितरण में भारी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनसे पीओएस मशीन पर तीन-तीन माह का अंगूठा लगवाया गया, लेकिन उन्हें केवल एक माह का ही राशन दिया गया। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार सुनील कुमार ने उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया, जहां राशन वितरण व्यवस्था में अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है।
हरबल लोधी, राजेंद्र लोधी सहित अन्य उपभोक्ताओं की शिकायत पर तहसीलदार सुनील कुमार सुनवाहा स्थित उचित मूल्य की दुकान पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक द्वारा पिछले तीन माह से पीओएस मशीन पर उनका अंगूठा लगवाया जा रहा है, लेकिन उन्हें केवल एक माह का राशन ही दिया गया।
गोदाम निरीक्षण करते तहसीलदार
उपभोक्ताओं का कहना है कि जब वे इसका विरोध करते हैं तो उन्हें कथित रूप से धमकी दी जाती है कि उनका नाम राशन सूची से काट दिया जाएगा। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाने के बावजूद उन्हें पूरा राशन नहीं दिया जा रहा है।
दुकान में केवल गेहूं का वितरण, चावल के स्टॉक पर सवाल
निरीक्षण के दौरान दुकान पर केवल गेहूं का वितरण किया जा रहा था। वहीं, सूत्रों के अनुसार दुकान के रिकॉर्ड में 1000 किलोग्राम से अधिक चावल का स्टॉक दर्ज बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि रिकॉर्ड में चावल का स्टॉक दर्ज है तो वह चावल कहां है?
निरीक्षण के दौरान दुकान में गेहूं के कट्टे भी बिखरे हुए पाए गए, जिसके कारण स्टॉक की गिनती करने में भी परेशानी होने की बात सामने आई।
उपभोक्ताओं ने दुकान संचालक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और उन्हें उनके हक का पूरा राशन दिलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।


H na jkannn